मुरैना। एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पत्नी के नाम पर चल रही महालक्ष्‍मी इंडस्‍ट्रीज फर्म से ग्राम पंचायत रजौधा, रायपुर, धर्मगढ़, बरवाई विजयगढ़, कुरैठा एवं कौथरकलां को कथित मटेरियल सप्‍लाई मामले में 14.92 लाख रुपये के भुगतान की आथिक अनियमितताओं को लेकर गुरुवार को जिला कलेक्‍टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जनपद पंचायत पोरसा के मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी देवेंद्र जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबित सीईओ देवेंद्र जैन अब जिला पंचायत में अटैच रहेंगे।

सीईओ ने पत्नी के नाम पर फर्म को किया पंजीकृत

जानकारी के अनुसार, मामले की शिकायत कलेक्‍टर को मिली थी. शिकायत में बताया गया था कि सीईओ जनपद पोरसा देवेंद्र जैन ने अपनी पत्नी कीर्ति गोयल जैन के नाम पर महालक्ष्‍मी इंडस्‍ट्रीज नामक फर्म पंजीकृत करवाई है. इस फर्म के माध्‍यम से वर्ष 2023 में ई-ग्राम स्‍वराज पोर्टल पर ग्राम पंचायत रजौधा, रायपुर, धर्मगढ़, बरवाई, विजयगढ़, कुरैठा एवं कौथरकलां सहित अन्‍य पंचायतों में जनपद पंचायत पोरसा के अंतर्गत विभिन्‍न ग्राम पंचायतों में सामग्री आपूर्ति का कार्य किया गया है. बताय जा रहा है कि इस फर्म को सीईओ ने अपनी पत्नी के नाम पर पंजीकृत किया था।

सीईओ को किया निलंबित

मामले की जांच में पाया गया है कि महालक्ष्‍मी फर्म से उक्त पंचायतों द्वारा सामग्री क्रय कर 14.92 लाख रुपये का भुगतान किया गया है. यह पंजीयन विशेष रूप से 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत कार्यों हेतू किया गया था. जांच के बाद मामले में मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायम कमलेश भार्गव ने जनपद सीईओ देवेंद्र जैन के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए प्रस्‍ताव कलेक्‍टर के सामने प्रस्‍तुत किया था. पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी आयुक्त चंबल संभाग और कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने सीईओ देवेंद्र जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।